जबलपुर में अवैध रेत खनन और चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन अभियान चलाया है। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम, पुलिस और खनिज विभाग की एक संयुक्त टीम ने बीते तीन दिनों में कई इलाकों में दबिश दी। माइनिंग अधिकारी अशोक राय के अनुसार, मझौली, सिहोरा, पाटन और जबलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नदियों से अवैध रूप से निकाली गई भारी मात्रा में रेत का भंडारण मिला। टीम ने अवैध रूप से जमा रेत को नदियों में वापस डलवाया, वहीं कुछ रेत को सड़क किनारे फैलाकर उसमें मिट्टी मिलाकर नष्ट कर दिया। 300 हाईवा रेत नदी में डाली प्रशासन के मुताबिक, अब तक करीब 300 हाईवा, यानी लगभग 4 हजार क्यूबिक मीटर अवैध रेत नष्ट की जा चुकी है। यह रेत नदियों के किनारे लावारिस हालत में पाई गई थी। जिन मामलों में भंडारण करने वालों की पहचान नहीं हो सकी, वहां रेत को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पहचान होने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जिले में अवैध रेत खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध खनन करने वालों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।


