शिवपुरी में ओलावृष्टि और नकली कीटनाशक से फसल तबाह:54 गांव प्रभावित, किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे मुआवजा और बीमा राशि की मांग

शिवपुरी जिले में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और नकली कीटनाशकों के उपयोग से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसी संबंध में भारतीय किसान संघ, शिवपुरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कोलारस, बदरवास, रन्नौद, शिवपुरी, करैरा और पिछोर तहसील के 54 गांवों में ओलावृष्टि और बारिश से फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। संगठन ने प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा और फसल बीमा की राशि सीधे उनके खातों में डालने की मांग की है। अग्रवाल कृषि सेवा केंद्र खतौरा से बेची गई कथित नकली कीटनाशक दवाओं के कारण रन्नौद और बदरवास तहसील के 12 गांवों में चना और मसूर की फसलें खराब हो गईं। किसानों के अनुसार, इन दवाओं के उपयोग से पूरी फसल नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान अपनी खराब फसलें लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने बताया कि फसलें नष्ट होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने शीघ्र मुआवजे की मांग की है ताकि स्थिति और न बिगड़े। किसान संघ ने प्रशासन से नकली कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित किसानों को तत्काल राहत प्रदान करने का आग्रह किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *