भाजपा विधायक पर ग्रामीणों को धमकाने का आरोप:शिवपुरी में कांग्रेस ने एसपी से की शिकायत, आंदोलन की दी चेतावनी

शिवपुरी जिला मुख्यालय पर सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एसपी अमन सिंह राठौड़ को एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता पर कथित अत्याचारों की शिकायत की। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र में लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ है, जिससे आम लोग न्याय के लिए भटक रहे हैं। सिनावल कला गांव में असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप
चौहान ने खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिनावल कला का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों का आतंक है। उन्होंने कहा कि गांव के पूर्व सरपंच भगवान सिंह को हालात से परेशान होकर गांव छोड़ना पड़ा और वे अपनी खेती तक नहीं कर पा रहे हैं। इसी क्रम में ग्रामीण अवधेश बुंदेला की लगभग 40 क्विंटल मूंगफली की फसल में आग लगाए जाने की घटना का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे दबंगई का उदाहरण बताया। लूट और जान से मारने की धमकी भी दी
ग्रामीण अवधेश बुंदेला की शिकायत के अनुसार, उनकी जमीन ग्राम सिनावल कला के मखस्या कुआं पर स्थित है, जहां दो कुएं हैं और दोनों पर 5-5 हॉर्स पावर की पनडुब्बी मोटरें लगी थीं। आरोप है कि 3 अप्रैल 2026 की रात गांव के ही तीन लोग वृजेन्द्र लोधी, महेन्द्र लोधी और आनंद लोधी वहां पहुंचे, मारपीट की और दोनों मोटरें, 20 कास्ता पाइप व लाइट के केबल लूटकर ले गए। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित अवधेश बुंदेला जब खनियाधाना थाना रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने नामजद आरोपियों के बजाय अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना में मारपीट, लूट और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सही धाराओं में प्रकरण दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ितों को समय रहते न्याय नहीं मिला, तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *