रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम 14 साल के नाबालिग बच्चे पर उसके ही रिश्ते के फूफा ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में बच्चे को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घायल बच्चे के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि आरोपी उनकी चचेरी बहन का पति है। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर मुक्तिधाम के पास ले गया। वहां किसी नुकीले धारदार औजार से बच्चे के गले और मुंह पर हमला कर दिया। रिश्ते को लेकर होता था विवाद परिजनों के मुताबिक, आरोपी का रिश्ते को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। इस कारण दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायल बच्चे का इलाज जारी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी फूफा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। जबकि एक अन्य आरोपी नाबालिग है। मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


