शाजापुर जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं कल यानी 10 फरवरी से शुरू हो रही हैं। शिक्षा विभाग ने एक दिन पहले ही सभी सेंटरों पर रोल नंबर चिपकाने और दूसरी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार सुबह 9 बजे से 12वीं कक्षा का पहला पेपर अंग्रेजी विषय का होगा। छात्रों को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक पेपर हल करने का समय मिलेगा। विभाग ने शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने के लिए सभी इंतजाम पुख्ता कर लिए हैं। कितने छात्र देंगे परीक्षा जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र के मुताबिक, इस साल 10वीं और 12वीं को मिलाकर जिले में कुल 22,497 छात्र परीक्षा देंगे। 10वीं कक्षा: कुल 12,885 छात्र (इसमें 12,326 रेगुलर और 559 प्राइवेट हैं)। 12वीं कक्षा: कुल 9,612 छात्र (इसमें 8,950 रेगुलर और 662 प्राइवेट हैं)। सेंटरों पर इंतजाम और निगरानी परीक्षा के लिए जिले में कुल 63 सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें से 59 मुख्य हैं और 4 रिजर्व रखे गए हैं। नकल रोकने और अच्छी व्यवस्था के लिए हर कमरे में करीब 20 छात्रों को बैठाया जाएगा और उनकी निगरानी के लिए एक टीचर की ड्यूटी लगाई गई है।


