मंत्री बेढम ने अलीपुर में पेयजल परियोजना का किया शिलान्यास:65 लाख की लागत से 1 लाख लीटर क्षमता का उच्च जलाशय बनेगा

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सोमवार को डीग में नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अलीपुर (आदिबद्री धाम) में एक वृहद पेयजल परियोजना का शिलान्यास किया। 65.55 लाख रुपए की लागत वाली इस परियोजना की आधारशिला वैदिक मंत्रोच्चार और साधु-संतों की उपस्थिति में रखी गई। यह परियोजना राज्य सरकार की ‘हर घर जल’ परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक कदम है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही इस परियोजना के तहत ग्राम अलीपुर में 1 लाख लीटर क्षमता का आरसीसी उच्च जलाशय बनाया जाएगा। इसके अलावा जलापूर्ति को सुचारू बनाने के लिए 200 एमएम व्यास का नलकूप खनन और एक विस्तृत पाइपलाइन नेटवर्क भी स्थापित किया जाएगा।
इससे क्षेत्र में दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित होगी। स्थानीय निवासियों और आदिबद्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनकी मूलभूत आवश्यकता पूरी होगी। अधिकारियों ने ढाई महीने में काम पूरा करने का दिया आश्वासन
शिलान्यास समारोह के दौरान मंत्री बेढ़म ने विभागीय अधिकारियों और संवेदकों को कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि निर्धारित 6 माह की समय सीमा के बजाय, परियोजना को युद्धस्तर पर काम करते हुए मात्र ढाई माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रीष्मकाल से पहले श्रद्धालुओं को परियोजना का लाभ पहुंचाना है। ‘यह परियोजना केवल कंक्रीट का निर्माण नहीं’
जनसमूह को संबोधित करते हुए बेढम ने कहा कि यह परियोजना केवल कंक्रीट का निर्माण नहीं, अपितु क्षेत्रवासियों, विशेषकर मातृशक्ति को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में हमारी सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। प्रदेश सरकार अंत्योदय के मूल मंत्र और हर घर जल, हर घर खुशहाली के संकल्प के साथ निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और शिलान्यास पट्टिका के अनावरण के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य साधु-संतों ने पूजा संपन्न कराई और मंत्री को आशीर्वाद प्रदान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *