भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़िया कला में गुरुवार को किशोरावस्था जागरूकता कार्यशाला हुई। इसमें छात्राओं को मानसिक, भावनात्मक, शारीरिक और मनोवैज्ञानिक बदलावों की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्देश्य आत्म-जागरूकता, आत्मविश्वास और लचीलापन विकसित करना था। विषय विशेषज्ञ दीप्ति बिंदल ने छात्राओं को इस जीवन चरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्म-छवि को सकारात्मक रूप से विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में निवेश करना बेहतर भविष्य में निवेश करने जैसा है। कार्यशाला में छात्राओं को अपने शरीर और मन में होने वाले बदलावों को समझने और उनसे निपटने के उपाय सीखने का अवसर मिला। विद्यालय के परामर्श और मार्गदर्शन विभाग की प्रभारी मालाविका किशोर और गोपेन्द्र कुमार ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव दिए। जागरूक बनना समय की जरूरत: स्कूल के प्राचार्य एनके लांजेवर ने कहा कि छात्राओं को आत्मविश्वासी और जागरूक बनाना समय की जरूरत है। यह कार्यशाला इस दिशा में प्रभावी रही। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ दीप्ति बिंदल, परामर्श विभाग की प्रभारी मालाविका किशोर, गोपेन्द्र कुमार और पीएम श्री कार्यक्रम के प्रभारी शुभम गर्ग ने सेवाएं दी। इस कार्यशाला ने छात्राओं को किशोरावस्था के बदलावों को समझने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।


