पनवाड़ में बालवाटिका शाखा समिति का सर्वसम्मति से गठन:महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल की शाखा के विकास पर जोर

झालावाड़ जिले के पनवाड़ कस्बे में महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल की बालवाटिका शाखा में सोमवार को एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की उपस्थिति में एक पृथक बालवाटिका शाखा समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। प्रधानाचार्या लाड सुमन ने बताया कि बालवाटिका शाखा में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों को प्रभावी शैक्षणिक और अनुकूल भौतिक वातावरण प्रदान किया जा रहा है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। समिति में ज्ञानेंद्र ओझा को अध्यक्ष, मयंक श्रृंगी को सचिव और नरेंद्र गर्ग को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। ग्रामीणों और अभिभावकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया। बैठक में प्रशासक देवराज सिंह सोलंकी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान बालवाटिका शाखा के विकास को लेकर चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें समिति और अभिभावकों ने बालवाटिका के विकास के लिए प्रतिमाह निर्धारित शुल्क जमा करने का निर्णय लिया। स्कूल परिसर में रसोई घर के निर्माण के लिए महात्मा गांधी स्कूल कोष से एक लाख रुपए का सहयोग देने पर प्रधानाचार्या ने सहमति व्यक्त की। इसके अतिरिक्त लगभग चार माह पहले बालवाटिका से हटाए गए प्रोजेक्टर को पुनः स्थापित करवाने के लिए प्रधानाचार्या द्वारा उच्च अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई। समिति की ओर से गांव के अन्य गणमान्य भामाशाहों से समय-समय पर सहयोग राशि एकत्र कर बालवाटिका के विकास कार्य कराने पर भी सहमति बनी। बैठक में उपस्थित सभी अभिभावकों और सदस्यों ने बालवाटिका को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *