सीकर में आज वीकली मीटिंग और पंचायतीराज चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों की मीटिंग हुई। मीटिंग में जिला निर्वाचन अधिकारी(कलेक्टर) मुकुल शर्मा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीटिंग में फ्लैगशिप योजनाओं की प्रोग्रेस, संपर्क पोर्टल पर मिले प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति तथा आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर विभागवार चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर मिले सभी मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग फ्लैगशिप योजनाओं की प्रोग्रेस बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 सहित अन्य प्रमुख योजनाओं का आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाएं। मीटिंग में विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुकुल शर्मा ने पंचायती राज चुनाव-2026 के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों की मीटिंग ली। बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ, आईटी प्रकोष्ठ, मीडिया प्रकोष्ठ, मतपत्र प्रकोष्ठ सहित सभी प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलेक्टर शर्मा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे संबंधित कार्मिकों की सूची व आवश्यक संसाधनों की सूचना दें और चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर लें। डीआरओ मुकुल शर्मा ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


