ओडिशा में ब्लॉक: दो से चार घंटे तक देर से पहुंचीं हावड़ा-मुंबई रूट की ट्रेनें

भास्कर न्यूज | रायगढ़ ओडिशा के बंडामुंडा रेलवे स्टेशन में नॉन इंटरलॉकिंग और पटरियों की मरम्मत के लिए दो दिन का ब्लॉक लिया गया है। पहले ही दिन इसका असर ट्रेनों की टाइमिंग पर दिखा। बुधवार को हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस 4 घंटे 26 मिनट, जबलपुर हमसफर 2 घंटे 40 मिनट, मुंबई-एलटीटी 3 घंटे और आजाद-हिंद एक्सप्रेस 2 घंटे 26 मिनट की देरी से रायगढ़ पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे ने गुरुवार से बंडामुंडा स्टेशन पर यह काम शुरू किया। इसके चलते टाटानगर-सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस को दो दिन के लिए रद्द कर दिया गया। सुपरफास्ट ट्रेनों का शेड्यूल भी बदला गया या वे घंटों देरी से चलीं। इसका असर ओडिशा, राउरकेला जंक्शन से बिलासपुर-रायपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों पर पड़ा। अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनें घंटों लेट रहीं। खरसिया ब्लॉक से रायगढ़ आए एक शिक्षक ने बताया कि वे बीआर मेमू से निकले थे। यह ट्रेन दोपहर 1 बजे की बजाय 2:40 बजे पहुंची। हालांकि, वे अपने 3 बजे के प्रशिक्षण में समय पर पहुंच गए। लेकिन लौटने के लिए टाटानगर-इतवारी ट्रेन रद्द होने से दिक्कत हुई। टिटिलागढ़ ट्रेन ही एकमात्र विकल्प थी, लेकिन वह भी डेढ़ घंटे देरी से आई। ब्लॉक से इन ट्रेनों की बिगड़ी चाल राउरकेला से आने वाली हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस सुबह 4:30 बजे की बजाय 8:56 बजे पहुंची। जबलपुर-हमसफर 4:43 बजे के बजाय 7:25 बजे आई। मुंबई-एलटीटी साप्ताहिक एक्सप्रेस 5:43 बजे की बजाय 8:45 बजे पहुंची। आजाद-हिंद एक्सप्रेस 6:46 बजे की जगह 9:11 बजे आई। अहमदाबाद एक्सप्रेस 8:35 बजे के बजाय 11:15 बजे पहुंची। योगनगरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 11:42 बजे की जगह 2 बजे आई। आज भी यात्रियों को हो सकती है परेशानी ब्लॉक के कारण टाटानगर-सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस 1 फरवरी को रद्द रही। इसे 14 फरवरी को भी रद्द किया गया है। पहले दिन लोकल, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों लेट रहीं। शुक्रवार को भी ब्लॉक जारी रहेगा, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *