बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल छोटा महादेव भोपाली में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को गुफा दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गुफा तक पहुंच पर प्रतिबंध जारी रखने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। शाहपुर एसडीएम प्रपंज आर ने बताया कि चार विभागों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया है। इंजीनियरों के साथ की गई जांच में पाया गया कि पिछले वर्षों की तुलना में यह स्थल अब और अधिक असुरक्षित हो गया है। 2014 से दरारें आनी शुरू हुई थीं
वर्ष 2014 से यहां की पहाड़ियों में दरारें आनी शुरू हुई थीं, जो भारी बारिश के बाद और चौड़ी हो गईं। शिवलिंग गुफा के ऊपर स्थित काला बाबा मंदिर और झरने वाले स्थान के बीच की दरारें लगातार बढ़ रही हैं, जिसके कारण इस क्षेत्र को असुरक्षित घोषित किया गया है। प्रशासन के इस निर्णय पर श्रद्धालुओं और स्थानीय संगठनों ने पुनर्विचार की मांग की है। उनका कहना है कि गुफा तक जाने पर पूर्ण रोक लगाने के बजाय नियंत्रित और सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था की जा सकती है। 14 फरवरी से यहां लगेगा मेला
श्रद्धालुओं ने सुझाव दिया है कि प्रशासन सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से गुफा तक प्रवेश दे सकता है, साथ ही पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग जैसी व्यवस्थाएं कर सुरक्षित दर्शन की अनुमति दी जाए। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर 14 फरवरी से यहां मेला शुरू होना है। एक ओर श्रद्धालु अपनी धार्मिक परंपरा को बनाए रखने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिबंध जारी रखने के अपने फैसले पर कायम है।


