बीकानेर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित अम्बरवाला रेस्टोरेंट में गुरुवार की रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के क्षेत्र में धुआं ही धुआं हो गया। बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग का पता चल गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। रेस्टोरेंट संचालक रवि पुरोहित ने बताया कि रात करीब बारह बजे रेस्टोरेंट बंद करके वो करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित घर पर चले गए थे। इस दौरान बाहर बैठे पूर्व पार्षद पारस मारु को धुआं दिखाई दिया। पास की गली में देखा तो वहां भी धुआं था। इस पर रवि को फोन करके मौके पर बुलाया गया। लोहे के दरवाजे को खाला गया तो अंदर धुआं ही धुआं था। जिस जगह रेस्टोरेंट का काउंटर लगा हुआ था, वहीं पर सबसे ज्यादा आग थी। माना जा रहा है कि कम्प्यूटर और यूपीएस में ही सबसे पहले शॉर्ट सर्किट से आग लगी। गनीमत रही कि घटना होने के साथ ही पास ही स्थित आनन्द होटल के संचालक मनीष पुरोहित आदि ने इसे देख लिया और रेस्टोरेंट संचालक को बुला लिया। कोटगेट पुलिस थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर ये रेस्टोरेंट है। ऐसे में भारी पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया। दमकल को भी पुलिस ने ही सूचना दी। आसपास की दो दमकल मौके पर पहुंच गई। हालांकि इससे पहले ही आग का बड़ा हिस्सा बुझाया जा चुका था। गनीमत रही कि आग से रेस्टोरेंट का एक तरफ का हिस्सा जल गया। आग आगे नहीं बढ़ी, जिससे वो स्थान सुरक्षित रहा, जहां गैस सिलेंडर रखे हुए थे।


