राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम रांची आएंगी। वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। फिर शनिवार को बीआईटी मेसरा के प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। उसी दिन वे दिल्ली लौट जाएंगी। इधर, राष्ट्रपति के रांची आगमन को लेकर शुक्रवार और शनिवार को शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आज साढ़े 3 से 6 बजे के बीच एयरपोर्ट रोड से हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक होते हुए हॉटलिप्स चौक से राजभवन मोड़ तक की सड़क बंद रहेगी। दो दिनों के लिए सुबह 8 से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक शुक्रवार को दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक शहर में छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। राष्ट्रपति के लिए निर्धारित रूट लाइन में 600 से ज्यादा ट्रैफिक जवानों को तैनात किया गया है। इस मार्ग पर काफिला आने-जाने से 30 मिनट पहले सभी सामान्य वहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। तीन लेयर में होगी राष्ट्रपति की सुरक्षा रांची पुलिस की सुरक्षा को लेकर तमाम तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। रांची एयरपोर्ट से लेकर बीआईटी तक लगभग तीन हजार से अधिक पुलिस के अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति की सुरक्षा तीन लेयर की जाएगी। जानकारी के मुताबिक इसके लिए 10 आइपीएस अधिकारी लगाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद एसपी करेंगे ड्यूटी में तैनात सभी ट्रैफिक जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि एक भी सामान्य वाहन सवार को निर्धारित रूट लाइन में प्रवेश नहीं करने दें। पूरी ट्रैफिक व्यवस्था की मॉनिटरिंग एसपी कैलाश करमाली खुद कर रहे हैं।


