लोकल साइक्लोन के असर से शेखावाटी में पिछले 4 दिन से रात में सर्दी का असर बढ़ रहा है। जिले में गुरुवार को भी रात के समय मौसम साफ रहने से सर्दी तेज रही। जिससे दिन के तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट आ गई और दिनभर धूप भी बेअसर रही। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया है।गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री व अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि इससे पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.5 और अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम विभाग के अनुसार जिले में 15 फरवरी तक लोकल साइक्लोन का दबाव कम रहने से रात के समय सर्दी का असर तेज रहेगा। जबकि दिन का पारा 33 डिग्री तक जा सकता है। इस बीच दो दिन मौसम समान्य रहने की संभावना है। 17 फरवरी को कुछ जगह पर नया साइक्लोन बनने के कारण हल्की बारिश हो सकती है। रात के तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में बढ़ रही नमी को रबी की फसलों के अनुकूल माना जा रहा है। कृषि कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक रात के समय ठंड में अधिकतम तापमान के सामान्य रहने से रबी की फसलों को फायदा होता है। इस वक्त रबी की फसलों में पकाव की अवस्था चल रही है। ऐसी स्थिति में ज्यादा सिंचाई की जरूरत नहीं होगी वहीं पकाव भी काफी अच्छा होगा।


