लुधियाना का सबसे प्रमुख एवं पुरानी मार्केट चौड़ा बाजार को सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) योजना के तहत हाईटेक बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गए। पहले फेज में बाजार में हाईटेक CCTV कैमरे व एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। इन दोनों कार्यों को शुरू करने के लिए नगर निगम हाउस ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और अब जल्दी ही प्रक्रिया पूरी करके काम शुरू कर दिया जाएगा। पहले फेज में इस काम पर 5.1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह राशि भारत सरकार की “स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2025-26” योजना के तहत प्राप्त फंड से खर्च होगी। नगर निगम इस काम को पांच पार्ट में करेगा। चार पार्ट में कैमरे और परिफेरल्स लगाने का काम होगा जबकि एक पार्ट में एलईडी लाइट्स का काम होगा। कैमरे और परिफरल्स पर क्रमशः 98.09 लाख, 97.04 लाख, 95.74 लाख और 95.74 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं 24.69 लाख रुपये की लागत से नई एलईडी लाइटें और पोल लगाए जाएंगे। CCTV कैमरों से हर व्यक्ति पर रहेगी नजर इस योजना के तहत चौड़ा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत हो जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए बाजार पर 24 घंटे नजर रखी जा सकेगी, जिससे चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। बाजार में लगने वाले सीसीटीवी कैमरों को सेफ सिटी व नगर निगम के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। LED लाइट्स से रात को भी जगमगाएगा बाजार चौड़ा बाजार में एलईडी लाइट्स के लिए नए खंभे इंस्टॉल किए जाएंगे। इसके अलावा नई लाइट्स लगाई जाएंगी जिससे चौड़ा बाजार रात को भी जगमगाएगा। इन्हीं खंभों पर सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए जाएंगे। सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट स्कीम के तहत चौड़ा बाजार में क्या-क्या होगा जानिए: स्मार्ट कमर्शियल हब बनेगा: सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) योजना के तहत लुधियाना के चौड़ा बाजार को न केवल आधुनिक बनाया जा रहा है, बल्कि इसे एक स्मार्ट कमर्शियल हब के रूप में पुनर्जीवित किया जा रहा है। दुकानों के यूनिफॉर्म फेस : बाजार की सभी दुकानों के बाहरी हिस्सों को एक समान रंग-रूप और डिजाइन दिया जाएगा। इससे बाजार में एकरूपता आएगी और यह यूरोप के पुराने बाजारों की तरह सुंदर दिखेगा। विरासत का संरक्षण: ऐतिहासिक इमारतों और दरवाजों (जैसे क्लॉक टॉवर के पास के क्षेत्र) को उनकी मूल वास्तुकला को बरकरार रखते हुए मरम्मत किया जाएगा। अंडरग्राउंड वायरिंग: वर्तमान में बाजार में बिजली की तारों के जो जाल लटके हुए हैं, उन्हें हटाकर तारों को जमीन के नीचे बिछाया जाएगा। इससे आग लगने का खतरा कम होगा। स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम: बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए ड्रेनेज नेटवर्क को पूरी तरह नया बनाया जाएगा। हाई-टेक सीसीटीवी: पूरे बाजार में अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे जो अपराधियों पर नजर रखने के साथ-साथ भीड़ का भी विश्लेषण करेंगे। स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स: सेंसर आधारित एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी जो रात के समय रोशनी की तीव्रता को स्वचालित रूप से कम या ज्यादा करेंगी। पब्लिक एड्रेस सिस्टम: जगह-जगह लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे जिनका उपयोग आपातकालीन घोषणाओं या निर्देशों के लिए किया जाएगा। फुटपाथ और बैठने की जगह: पैदल चलने वालों के लिए इंटरलॉकिंग टाइल वाले चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे और जगह-जगह बेंचें लगाई जाएंगी। वाटर एटीएम और शौचालय: ग्राहकों की सुविधा के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय और पीने के पानी के लिए वाटर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। डिजिटल कियोस्क: बाजार में जगह-जगह डिजिटल मैप और सूचना केंद्र होंगे जो ग्राहकों को दुकानों की लोकेशन बताएंगे। नो-व्हीकल जोन: पीक आवर्स के दौरान कुछ हिस्सों को केवल पैदल चलने वालों के लिए घोषित किया जाएगा। स्मार्ट पार्किंग: बाजार के पास मल्टी-लेवल पार्किंग को इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा ताकि ग्राहकों को मोबाइल ऐप पर पहले ही पता चल सके कि पार्किंग में जगह है या नहीं।


