भास्कर न्यूज | अमृतसर ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चेरिटेबल सोसायटी अमृतसर की मानांवाला शाखा के प्रांगण में पिंगलवाड़ा परिवार की बेटी किरणदीप कौर (उर्फ कलावती) का आनंद कारज संपन्न हुआ। यह विवाह तरनतारन निवासी स. नवजोत सिंह के साथ गुरुद्वारा साहिब, मानांवाला शाखा, पिंगलवाड़ा में हुआ। इस अवसर पर पिंगलवाड़ा प्रबंधक कमेटी, सेवादारों, स्टाफ सदस्यों, संगत और पिंगलवाड़ा परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आनंद कारज की सभी रस्में सम्मानपूर्वक निभाई गईं और अरदास के बाद संगत ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। यह पिंगलवाड़ा परिवार की बेटी का 72वां आनंद कारज था, लेकिन विशेष रूप से यह मूक-बधिर जोड़े का 5वां विवाह था। इससे पहले भी पिंगलवाड़ा द्वारा 4 मूक-बधिर बेटियों की शादियां करवाई जा चुकी हैं। इस दौरान सांकेतिक भाषा जानने वाले शिक्षकों ने इशारों के माध्यम से नए जोड़े को गुरबाणी के अर्थ, लावां और आनंद कारज की पूरी प्रक्रिया समझाई। पिंगलवाड़ा संस्था की मुखी डॉ. इंद्रजीत कौर, उपाध्यक्ष डॉ. जगदीपक सिंह, सदस्य स. राजबीर सिंह, प्रशासक मानांवाला शाखा स. रजिंदर सिंह (पप्पू), जनरल मैनेजर तिलक राज, स. रजिंदरपाल सिंह, हरपाल सिंह, राजविंदर कौर, मेडिकल स्टाफ, हॉस्टल इंचार्ज और अन्य शख्सियतों ने जोड़े को आशीर्वाद दिया।


