भास्कर न्यूज | लुधियाना जालंधर बाईपास के नजदीक ओवर स्पीड जिप्सी चालक ने पीछे से एस-क्रॉस कार को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन एस-क्रॉस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसे मामूली चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिप्सी चालक नशे की हालत में था। राहगीरों ने बताया कि हार्डीज वर्ल्ड की ओर से जालंधर बाईपास की तरफ तेज रफ्तार में आ रही जिप्सी चालक कई वाहनों को ओवरटेक करता हुआ आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान आगे चल रही एस-क्रॉस कार को उसने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर जीटी रोड से सर्विस लेन में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एल्डेको चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जिप्सी चालक की हालत को देखते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


