कुमाऊं भवन में गूंजे पहाड़ी गीत, नृत्य ने मोहा मन

भास्कर न्यूज | लुधियाना हैबोवाल कलां स्थित कुमाऊं भवन में रविवार को पहाड़ी संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तरांचल कुमाऊं विकास परिषद द्वारा अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित उत्तरैणी कौतिक 2026 में देवभूमि के वो रंग बिखरे कि लुधियाना की औद्योगिक फिजां कुमाऊंनी सुरों से महक उठी। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पं. नंदकिशोर उप्रेती के मंत्रोच्चार और शशि मठपाल व केवल चंद्र भट्ट द्वारा ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। उत्तराखंड की स्वर कोकिला माया उपाध्याय और गायक राकेश खनवाल ने भजनों से सभी को मंत्रमुग्ध किया। कुमाऊंनी गीतों की मधुर तान पर हर कोई थिरकने को मजबूर हो गया। महादेव कला मंच के कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने पहाड़ी नृत्य कर उत्तराखंड का दृश्य जीवंत कर दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हलका गिल के विधायक जीवन सिंह संगोवाल परिषद के सेवा कार्यों से बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने संस्था के विकास हेतु 2 लाख रुपए की ग्रांट देने का बड़ा ऐलान किया। इस अवसर पर विधायक मदनलाल बग्गा, पार्षद पुष्पेंद्र भनोट बिट्टू, भाजपा नेता विक्रम सिंह सिद्धू सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपना संदेश भेजकर रजत जयंती की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक छटा के बीच मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों को अंबादत्त बिनावाल व हरीश सिंह भंडारी ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। परिषद के प्रधान गिरधर सिंह बिष्ट, चेयरमैन कैलाश शर्मा और महासचिव नारायण दत्त उप्रेती ने सभी अतिथियों का आभार जताया। वरिष्ठ सलाहकार शिव दत्त जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव का समापन लकी ड्रा के साथ हुआ, जिसके विजेताओं को धर्मानंद भट्ट ने पुरस्कृत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *