मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में गणना पर्यवेक्षकों और सहायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर टी. विजय गोपाल राव और संजीव सिंह ने दो पालियों में कुल 140 कर्मियों को प्रशिक्षित किया। एक राउंड में होगी गणना मतगणना व्यवस्था के मुताबिक, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में 22 टेबल लगाए जाएंगे, जहां एक राउंड में गणना होगी। वहीं झगराखांड, खोंगापानी और नई लेदरी नगर पंचायतों में 5-5 टेबल लगेंगे, जिनकी गणना तीन राउंड में पूरी की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर वार्ड क्रमांक प्रदर्शित किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस प्रतिबंध रहेगा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना हॉल में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और स्मार्ट वॉच ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मतगणना प्रक्रिया में सबसे पहले कंट्रोल यूनिट की सभी सीलें चेक की जाएंगी। पहले अध्यक्ष उम्मीदवारों के वोटों की गिनती होगी इसके बाद मतपत्र लेखा से मिलान कर रिजल्ट बटन दबाया जाएगा। पहले अध्यक्ष और फिर पार्षद पद के उम्मीदवारों के वोटों की गिनती होगी। प्रशिक्षण में रिटर्निंग अधिकारी अनिल सिदार, लिंगराज सिदार, श्रुति धुर्वे, सहायक रिटर्निंग अधिकारी करमचंद जाटवर, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा, डॉ. विनोद पाण्डेय, संजय ताम्रकार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


