भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नगर निगम की सामान्य सभा में लखोली रोड के चौड़ीकरण प्रस्ताव को रद्द कर दिया गया है। स्वीकृत राशि का उपयोग लखोली की जगह चिखली सड़क के चौड़ीकरण के लिए किया जाएगा। इसके लिए सदन में प्रस्ताव पर मुहर भी लग गई। हालांकि सामान्य सभा में पारित हुए इस प्रस्ताव से लखोली क्षेत्र के भाजपा पार्षदों में ही नाराजगी है। लखोली में भाजपा के पांच पार्षद हैं। सभी सड़क चौड़ीकरण के पक्ष में थे। लेकिन लोक निर्माण विभाग के एमआईसी मेंबर सावन वर्मा ने इसे जन विरोध के बाद लिया गया फैसला बताया है। दरअसल लखोली से कन्हारपुरी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए शासन से 14 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले लोगों ने इसका विरोध शुरु कर दिया था। जिसे देखते हुए सामान्य सभा में लखोली सड़क का चौड़ीकरण रोकते हुए इसी राशि से चिखली से गठुला तक सड़क चौड़ीकरण का फैसला लिया है। इसका प्रस्ताव भी सामान्य सभा में पारित कर दिया गया है। भाजपा पार्षद ने इसके विरोध में ही सवाल उठाया। फैसले को गलत बताया। वार्ड 45 के भाजपा पार्षद दुरेंद्र साहू ने अवैध कॉलोनियों में रुके विकास पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों में सड़क-नाली की मांग करने पर कॉलोनी को अवैध की श्रेणी में होना बताया जाता है। जबकि नगर निगम इन्हीं कॉलोनियों में धड़ल्ले से भवन अनुज्ञा जारी कर रही है। यह दोहरा मापदंड हैं। पार्षद साहू ने सदन में इसका जवाब मांगा। लेकिन अफसरों ने भी चुप्पी साधे रखी। अंत तक उन्हें भवन अनुज्ञा जारी करने पर जवाब नहीं दिया। विपक्ष का आरोप: बगैर फिल्टर किए पानी पिलाया सामान्य सभा की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। विपक्ष ने शहर में गंदे पानी की सप्लाई पर महापौर को घेरा। नेताप्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि जो कंपनी फिल्टर प्लांट का काम छोड़कर भाग गई थी, उस पर एफआईआर कराने की बजाय उसे दोबारा काम सौंप दिया गया। कंपनी ने जरूरत के मुतािबक एलम की सप्लाई तक नहीं की। इसलिए बगैर फिल्टर किए ही पानी पिलाया गया। इस मुद्दे पर हंगामा हुआ। सदन में चर्चा के बाद ये प्रमुख प्रस्ताव हुए पारित सामान्य सभा में पुष्पवाटिका का नाम पं. श्री राम आचार्य वाटिका, महामाया चौक को संत शिरोमणि सेन महराज, फव्वारा चौक का नाम चित्रांश चौराहा नाम दिया गया। इसके अलावा कुछ अन्य नामकरण भी हुए। स्वास्थ्य विभाग के अफसर-कर्मचारियों को एक हजार पेट्रोल भत्ता मिलेगा। दिल्ली दरवाजा व म्यूनिसिपल स्कूल परिसर की दुकानों की उच्चतम बोली स्वीकृत, मोहारा फिल्टर प्लांट से गंज चौक तक व नंदई चौक से इंदिरा नगर टंकी राइजिंग पाइप लाइन का विस्तार,आडिटोरियम मरम्मत कार्य सहित 13 विषयों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित हुए।


