भास्कर न्यूज | राजिम नगर के आमापारा वार्ड में चल रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन से पानी बहकर नाली में जा रहा है और वही गंदा, सीवरेज मिला पानी फिर उसी पाइपलाइन में प्रवेश कर घरों तक सप्लाई हो रहा है। आमापारा क्षेत्र में अधिकांश घरों की सेफ्टिक टंकी और शौचालय का ओवरफ्लो नालियों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में नाली में बह रहा गंदा पानी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के माध्यम से दोबारा पेयजल लाइन में मिल रहा है। यह स्थिति पूरे वार्ड के नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना कुछ समय पहले इंदौर में हुई थी, जहां दूषित पानी सप्लाई से कई लोग बीमार पड़ गए थे। अब आमापारा में भी वही हालात बनते नजर आ रहे हैं। ठेकेदार को क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं किया गया।


