खरगोन में 23 छात्रों को नहीं मिले एडमिट कार्ड:गायत्री विद्यापीठ स्कूल प्रबंधन ने बोर्ड को परीक्षा फीस जमा नहीं की, परेंट्स ने दिया धरना

खरगोन के भीकनगांव स्थित गायत्री विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण कक्षा 10वीं के 13 और कक्षा 12वीं के 10 छात्रों को प्रवेश पत्र जारी नहीं किए गए हैं। स्कूल द्वारा परीक्षा फीस जमा न करने से यह स्थिति बनी है। मंगलवार से कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जिससे इन छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। इस लापरवाही से आक्रोशित पालकों ने शाम को स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के प्रति अपना गुस्सा व्यक्त किया। इसके बाद, सोमवार रात 9:15 बजे से उन्होंने खंडवा-बड़ोदरा राजमार्ग पर बैठकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ ‘शिक्षा का व्यापार बंद करो’ के नारे लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात बाधित हुआ और पुलिस प्रशासन के साथ पालकों की बहस भी हुई। स्कूल प्रबंधन ने नहीं जमा की फीस
स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों का परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया था, जिसके कारण प्रवेश पत्र जारी नहीं हुए। पालकों के आरोप है एक सप्ताह से शाला प्रबंधन कार्रवाई जारी होने की बात कहकर गुमराह करता रहा।परीक्षा से ठीक एक दिन पहले तक लापरवाही की गई। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से शुरू हो रही हैं, जिसका पहला पेपर अंग्रेजी विषय का है। इस लापरवाही के कारण गायत्री विद्यापीठ के कक्षा 12वीं के 10 छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। बताया गया है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने फीस जमा करने के लिए स्कूल प्रबंधन को सूचित किया था, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब छात्रों को निजी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देनी पड़ सकती है, जिस पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। सालभर नियमित स्कूल जाने के बावजूद छात्र और उनके पालक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *