कांग्रेस के नव-नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आज दिल्ली में एकदिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इंदिरा भवन में होने वाली इस ट्रेनिंग में छत्तीसगढ़ समेत जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु सहित कई राज्यों के जिलाध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। यह प्रशिक्षण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित किया गया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि जिलाध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए उन्हें वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना जरूरी है। आज एक दिन की ट्रेनिंग, आगे बनेगा 10 दिन का प्लान
आज का कार्यक्रम एकदिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण और ओरिएंटेशन के तौर पर रखा गया है। इसके बाद सभी नव-नियुक्त जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिनों का विस्तृत और आवासीय प्रशिक्षण शिविर अलग से आयोजित किया जाएगा, जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी। राहुल गांधी से सीधा और वन-टू-वन संवाद
एकदिवसीय ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संबोधित कर रहे हैं। साथ ही वे जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद और वन-टू-वन चर्चा भी कर रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की चुनौतियों और आगामी रणनीति पर खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। संगठन और सोशल मीडिया पर खास फोकस
ट्रेनिंग में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मीडिया मैनेजमेंट, प्रभावी संवाद, सोशल मीडिया कैंपेन, डिजिटल रणनीति, जनता से सीधे जुड़ाव और जन आंदोलनों जैसे विषयों पर सत्र रखे गए हैं। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि एकदिवसीय ट्रेनिंग के फीडबैक के आधार पर 10 दिन के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तृत एजेंडा और शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।


