कांकेर जिले के ग्राम टंहाकापार में महानदी तट पर संचालित अवैध रेत खदान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खदान लंबे समय से बिना अनुमति के संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने खदान संचालक अंकित जैन पर जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जैन खुद को भाजपा नेता बताकर प्रभाव दिखाते हुए अवैध रूप से रेत खदान चला रहा है। खदान क्षेत्र में रहने के लिए एक अस्थायी ढांचा भी बनाया गया है। यहां अवैध रूप से बिजली का डायरेक्ट कनेक्शन लेकर उपयोग किया जा रहा है और कोई मीटर भी नहीं लगाया गया है। इसे लेकर भी ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द अवैध रेत खदान पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे चक्का जाम और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर अवैध उत्खनन और अवैध बिजली कनेक्शन पर रोक लगाने की मांग की है।


