सैपऊ महादेव मंदिर पर मेले की तैयारियां तेज:महाशिवरात्रि पर लगेगा ऐतिहासिक मेला, फाल्गुन में उमड़ रहे श्रद्धालु

धौलपुर जिले के सैपऊ कस्बे में स्थित ऐतिहासिक महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि और 15 फरवरी को लगने वाले मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर पालिका प्रशासन साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहा है। फागुन माह के चलते प्रत्येक सोमवार को महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेले से पहले ही बड़ी संख्या में भक्तजन और कावड़िए भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यह प्राचीन महादेव मंदिर धौलपुर जिले की धार्मिक पहचान है। महाशिवरात्रि पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और कावड़ियों की भीड़ रहती है। हर वर्ष की तरह इस साल भी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर ऐतिहासिक मेला आयोजित होगा। इसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्त भगवान शिव के दर्शन कर मन्नतें मांगते हैं। स्थानीय लोग इसे “लक्खी मेला” के नाम से भी जानते हैं, जो धौलपुर जिले का एक विशाल और प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *