रांची के कांके क्षेत्र से एक समाजसेवी का अपहरण कर लिया गया। पीड़ित रणविजय सिंह, जो बलियापुर सीओ प्रवीण कुमार सिंह के रिश्तेदार हैं, गुरुवार को पैसे निकालने के लिए घर से निकले थे। लंबे समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार की सुबह रणविजय अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर धनबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित जीआरपी थाने पहुंचे, जहां मदद मांगते हुए वे बेहोश हो गए। तत्काल उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें नशीला पदार्थ दिया गया था, जिसके कारण वे बेहोशी की स्थिति में हैं। सूचना मिलते ही बलियापुर सीओ प्रवीण कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और रणविजय का हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि रणविजय रांची में एक सक्रिय समाजसेवी हैं। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।


