बोकारो पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार सरगना को गिरफ्तार किया है। गिरोह झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में सक्रिय था और बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाता था। चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश दास, दीपक राव, कुशल राव और विक्रम राव शामिल हैं। ये सभी पश्चिम बंगाल और ओडिशा के रहने वाले हैं, जो बोकारो के सुल्तान नगर चास में किराए के मकान में रह रहे थे। कैसे करते थे वारदात गिरोह के पहले दो सदस्य बैंक में रेकी करते थे, फिर पैसे निकालने वाले ग्राहकों का पीछा करते थे। जब पीड़ित किसी काम से रुकता, तो उसकी बाइक की डिक्की तोड़कर पैसे चुरा लेते थे। हाल ही में 26 नवंबर को पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से बैंक से निकाले गए 28 हजार रुपए लूट लिए गए थे। गिरोह बालिडीह थाना, चंद्रपुरा थाना और पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का नकद और अन्य सामान बरामद किया है। पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में इस गिरोह के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।


