धार शहर में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी राहत मिली है। सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस हो गया। तापमान बढ़ने से सुबह और रात की तेज ठंड में कमी आई है, जबकि दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार कम होने के कारण तापमान में यह बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। फसलों पर पाले का खतरा
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों ने राहत की सांस ली है। लगातार ठंड और कोहरे के कारण गेहूं, चना, मटर सहित रबी फसलों पर पाले का खतरा बना हुआ था। तापमान बढ़ने से अब फसलों की बेहतर बढ़वार की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, विशेषज्ञों ने किसानों को सुबह के समय फसलों की निगरानी करने की सलाह दी है, ताकि अचानक मौसम बदलने की स्थिति में किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।


