भास्कर न्यूज | बाड़मेर इस गर्मियों की सीजन में शहर में पिछले साल की तरह बार-बार ओवरलोड सिस्टम से बिजली तार टूटने व लो वोल्टेज की समस्या नहीं रहेगी। गर्मी के मौसम में शहर के 58 हजार उपभोक्ताओं के एसी, कूलर, फ्री बंद भी नहीं होंगे। क्योंकि डिस्कॉम के सिस्टम सुधार के तहत शहर प्रथम में आरडीएसएस योजना के तहत 34 में से 25 तथा शहर द्वितीय में 95 वितरण ट्रांसफार्मर लगा दिए गए हैं। डिस्कॉम शहर प्रथम सब डिवीजन में यदि प्रसारण निगम के 132 केवी जीएसएस से बिजली सप्लाई बाधित हो भी जाए तो प्रसारण निगम के गेहूूं रोड स्थित 400 केवीए जीएसएस से सप्लाई का प्रावधान रहेगा। यहां 25 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हो चुका है जल्द ही इसे रिचार्ज किया जाएगा। शहर द्वितीय के लिए 132 केवी जीएसएस से अलग से 33 केवी की बिजली लाइन रीको जीएसएस तक बिछाते हुए रीको फीडर को अलग कर दिया गया है। ऐसे में अब चौहटन चौराहा, अरिहंत नगर व शिव जीएसएस के अलग होने से शिवनगर, गांधीनगर, जोगियों की दड़ी, विष्णु कॉलोनी सहित इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या नहीं रहेगी। पुरानी एलटी लाइनों के स्थान पर नई लाइनें बिछाने का कार्य भी जारी है जो मार्च तक पूरा होगा। इससे बार-बार तार नहीं टूटेंगे। शहरवासियों को बार-बार ट्रिपिंग समस्या से निजात मिलेगी। ^132 केवी जीएसएस से नई 33 केवी लाइन बिछाते हुए रीको फीडर को अन्य फीडरों से अलग किया गया है। शहर द्वितीय के 33 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई होगी। नई एलटी लाइनें बिछाने का कार्य जारी है जो मार्च तक पूरा होगा। – उम्मेदाराम सहारण, एईएन शहर द्वितीय डिस्कॉम। ^आरडीएसएस योजना के तहत हुए कार्यों से शहर की बिजली सप्लाई में सुधार हुआ है। कुछ कार्य शेष है जिन्हें जल्द पूरा करवा दिया जाएगा। सिस्टम ओवरलोड होने से ट्रिपिंग समस्या से निजात मिलेगा। – राणमल खत्री, एईएन शहर प्रथम डिस्कॉम। इंदिरा कॉलोनी, इंदिरा नगर, दानजी की होदी, लक्ष्मीनगर, पंचायत समिति बाड़मेर इलाके में 25 वितरण ट्रांसफार्मर 100 केवीए क्षमता के लगा दिए गए है। हॉस्पिटल जीएसएस पर 5 के स्थान पर 8 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर लगा है। जोशियों का निचला वास, जैन ढाणी मंदिर के पास, आचार्यों के वास में चंचल प्राग मठ, गांधी चौक, गेहूं रोड, महावीर चौक, स्टेशन रोड स्थित जैन भोजनालय, कल्याणपुरा स्थित पालिका ग्राउंड में फरवरी के अंतिम सप्ताह तक वितरण ट्रांसफार्मर लगा दिए जाएंगे। शहर द्वितीय सब डिवीजन में 95 ट्रांसफार्मर लगाए गए है। 132 केवी जीएसएस से 33 केवी अलग लाइन बिछाते हुए रीको फीडर को अरिहंतनगर, शिवनगर, चौहटन चौराहा फीडर से अलग किया गया है। चौहटन चौराहा फीडर पर लोड कम हो गया है। अधिक लोड वाले एरिया में अब तक 95 वितरण ट्रांसफार्मर लगाते हुए लोड कम किया गया है।


