भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर जिले के आलमसर में जमीन विवाद में घायल हुए तीन पीड़ित लोग स्ट्रेचर, व्हीलचेयर पर बाड़मेर एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी नरेंद्रसिंह मीना बाहर आए और पीड़ितों से मिले और ज्ञापन लिया। पीड़ित लोगों ने कहा कि आरोपियों ने उनके हाथ-पैर तोड़ दिए, स्ट्रेचर पर है, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस पर एसपी ने तत्काल चौहटन डीएसपी और धनाऊ थानाधिकारी को कॉल किया और निर्देश दिए कि इतने बुरे हाल किए हुए हैं कि ये लोग चल भी नहीं पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार धनाऊ थाना इलाके के आलमसर गांव में 1 जनवरी की रात को जमीन विवाद में दो पक्षों में लड़ाई झगड़ा हुआ था। इसमें एक पक्ष में केवाराम पुत्र फोटाराम निवासी दीनगढ़ और दूसरा पक्ष मूलाराम पुत्र दूदाराम निवासी दीनगढ़ हैं। केवाराम पक्ष के रामाराम, खेराज और फोटाराम तीनों को हमले में गंभीर चोटें आई है। वहीं दूसरे पक्ष के दो लोग चोटिल हुए हैं। गंभीर घायल तीनों को जोधपुर रेफर कर दिया था, जिनका वहां इलाज चला। इसके बाद अब मंगलवार को बाड़मेर पहुंचे और एसपी को ज्ञापन सौंप शेष रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की हैं। पुलिस के अनुसार अब तक दोनों पक्षों के 10 लोग गिरफ्तार हो चुके है। विवाद के बाद जमीन को कुर्क किया हुआ है। एसपी ने मामले में तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है। इस दौरान उदाराम मेघवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।


