भास्कर संवाददाता| भीलवाड़ा श्री श्याम युवा मित्र मंडल समिति के तत्वावधान में भीलवाड़ा से खाटूधाम अष्टम श्याम निशान पदयात्रा मंगलवार सुबह 6 बजे श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हुई। पदयात्रा का शुभारंभ श्याम मंदिर सी सेक्टर शास्त्री नगर से बाबा श्याम और निशानों की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद किया गया। पदयात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर एवं मालाएं पहनाकर पदयात्रियों का स्वागत किया। मंडल अध्यक्ष विवेक बेरीवाला ने बताया कि 285 किलोमीटर लंबी यह 11 दिवसीय पदयात्रा भीलवाड़ा से लांबिया, गुलाबपुरा, बांदनवाड़ा, नसीराबाद, सीलोरा, सांभर, रेनवाल और पचार होते हुए 20 फरवरी को खाटूधाम पहुंचेगी, जहां बाबा श्री श्याम के चरणों में निशान अर्पण किए जाएंगे। पदयात्रा में विवेक बेरीवाला सहित कुशल अग्रवाल, आयुष गर्ग, देवेन्द्र राणावत, पूरण सिंह, कुलदीप सिंह, संजय अग्रवाल, विशेष शर्मा, मनीष हिरानी, पवन गोयल, नितिन गोयल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हैं। यात्रा के दौरान 15 फरवरी को ग्राम भोजियावास (किशनगढ़) में संगीतमय सुंदरकांड पाठ तथा 19 फरवरी को ग्राम पचार (खाटू) में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।


