भास्कर न्यूज| अलवर सार्वजनिक निर्माण विभाग में अधिकारी बदलते ही घटिया सड़क बनाने का नया मामला सामने आया है। विभाग ने खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी से लगते टपूकड़ा से चौपानकी तक 11 करोड़ रुपए की लागत से 7 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई थी। सड़क का निर्माण कार्य सितंबर 2024 में पीडब्ल्यूडी किशनगढ़बास के तत्कालीन एक्सईएन भूरी सिंह की देखरेख में हुआ था। अक्टूबर 2024 में भूरी सिंह की पदोन्नति होेने पर उनका ट्रांसफर पीडब्ल्यूडी अलवर में एसई के पद पर हो गया। वर्तमान में खैरथल-तिजारा का एसई का अतिरिक्त चार्ज भी उन्हीं के पास है। पिछले महीने किशनगढ़बास में एक्सईएन के पद पर आदेश कुमार यादव ने चार्ज संभाला। इसी दौरान हेडऑफिस जयपुर से सड़क निर्माण की टाइम एक्सटेंशन की फाइल अप्रूव होकर आई। इस आधार पर एक्सईएन किशनगढ़बास को फर्म मैसर्स पारूल कंस्ट्रक्शन कंपनी को फाइनल बिल का भुगतान करना था। एक्सईएन ने भुगतान करने से पहले मौका निरीक्षण किया तो 4 किलोमीटर डामर कार्य में से 3 किलोमीटर में डामर की मोटाई निर्धारित मानकों से 10 से 25 फीसदी तक कम मिली। घटिया सड़क निर्माण का अंदेशा होने पर एक्सईएन ने डामर की मात्रा को जांचने के लिए सैंपल क्वालिटी कंट्रोल लैब अलवर में भेजा है।


