छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़े गए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम उनके सूरजपुर और वाड्रफनगर स्थित मकानों में दबिश दी। ACB की टीम उनके काली कमाई के रिकार्ड खंगाल रही है। डीईओ राम ललित पटेल कई वर्षों से डीईओ के पद पर कार्यरत थे। भ्रष्टाचार के आरोप में वे सस्पेंड भी किए गए थे। सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रामललित पटेल ने RTE के तहत राज्य शासन से मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि के बदले 5 प्राइवेट स्कूल के संचालक से 2 लाख रुपए की डिमांड की थी। जिन निजी स्कूल के संचालकों ने एसीबी से इसकी शिकायत की, उनमें रामरति पब्लिक स्कूल, छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल दतिमा, सरस्वती बाल मंदिर सोनपुर, प्रिया बाल मंदिर भटगांव और लक्ष्मी विद्या निकेतन नरोला शामिल हैं। आफिस में मिली नगदी, घरों में तलाशी एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि निजी स्कूलों के संचालकों ने दो लाख रुपए रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई तो इसकी तस्दीक के बाद शुक्रवार को डीईओ राम ललित पटेल को ट्रेप किया गया। कलेक्टोरेट के कंपोजिट बिल्डिंग में वे एक लाख रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़े गए। आफिस में जांच के दौरान दो लाख 18 हजार रुपए जब्त किया गया। आशंका है कि ये रकम भी निजी स्कूलों से बतौर रिश्वत ली गई है। डीईओ रामललित पटेल के खिलाफ 7 पीसी एक्ट की कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया गया है। निजी स्कूलों से करते थे अवैध वसूली डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि सूरजपुर जिले में 370 प्राइवेट स्कूल हैं। इनसे अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रहती थीं। स्कूलों के संचालकों को जांच के नाम पर धमकाया जाता था। RTE के तहत रजिस्टर्ड स्कूलों के संचालकों को राशि जारी करने के नाम पर 10 फीसदी रकम बतौर रिश्वत DEO वसूल करता था। घरों में दबिश, 2023 में हुए थे सस्पेंड डीईओ राम ललित पटेल के मूल निवास बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर एवं सूरजपुर निवास में भी एसीबी की टीम पहुंची। हालांकि घर से क्या मिला, इस संबंध में एसीबी ने खुलासा नहीं किया है। एसीबी डीईओ की काली कमाई से अर्जित संपत्ति की तलाश कर रही है। इनमें जमीनों के दस्तावेज, बैंक में नगदी जमा, शेयर, बीमा में निवेश व लॉकरों की जांच की जाएगी। सूरजपुर में ट्रैप किए जाने के बाद ACB की एक टीम ने उनके मूल निवास वाड्रफनगर भी पहुंची है। DEO के घर नगदी, जमीनों के दस्तावेज, बैंक रिकार्ड और लॉकरों की जानकारी जुटाई जा रही है। 2023 में हुए थे सस्पेंड सूरजपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल को राज्य शासन ने सितंबर 2023 में 34 लाख रुपए के मिलेट्स खरीदी में गड़बड़ी के आरोप में निलंबित किया था। इस समय वे बलरामपुर और सूरजपुर जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी के प्रभारी डीईओ थे। मिलेट्स की खरीदी दूसरे मद में की गई थी। बाद में बहाली के बाद रामललित पटेल ने फिर से सूरजपुर के डीईओ पद में बहाली का जुगाड़ कर लिया। एसीबी की हत्थे रामललित पटेल तब चढ़े, जब उनके रिटायरमेंट के कुछ दिन ही बचे हैं। वे 28 फरवरी 2025 को रिटायर होने वाले थे।


