पंजाब के फाजिल्का जिले में नहरी विभाग की जमीन पर पशु बांधने को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला मुंदरी बाई को गंभीर चोटों के कारण सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बंधे हुए पशुओं को खोलने पर विवाद घटना गांव पूर्ण पट्टी की है, जहां मुंदरी बाई नहर के किनारे अपने पशु बांधती थी। स्थानीय लोगों ने उनके बंधे हुए पशुओं को खोल दिया, जिस पर विवाद शुरू हुआ। महिला के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, बालों से खींचा और कपड़े भी फाड़ दिए। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : पुलिस सदर थाना फाजिल्का की प्रभारी शिमला रानी ने बताया कि मामला नहरी विभाग की जमीन पर दोनों पक्षों द्वारा पशु बांधने को लेकर है। पीड़िता ने पूर्व सरपंच पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


