भीलवाड़ा के हमीरगढ़ में शनिवार को सर्व हिंदू समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया और बाजार बंद करवा दिए। उपखंड कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कस्बे के चामुंडा माता मंदिर में 10 फरवरी की रात को अज्ञात चोरों ने मंदिर के मेन गेट के ताले तोड़ लाखों के आभूषण और कैश चुरा लिया था। पिछले 5 दिनों से हमीरगढ़ थाना क्षेत्र पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके कारण स्थानीय लोगों में रोष है। इसी कारण आज सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतरें और नारेबाजी करते हुए कस्बे के बाजार बंद करवा दिए l 11 फरवरी को सौंपा था ज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि वे इससे पूर्व 11 फरवरी को उपखंड अधिकारी एवं जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर शीघ्र कार्रवाई करने की बात रख चुके थे। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। तय समय निकलने के बाद भी जब पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग कस्बे के सदर बाजार में इकट्ठे हुए। फिर विरोध प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। नारेबाजी की और अनिश्चितकाल तक के लिए कस्बे के बाजार बंद करवा दिए। कस्बे के सभी बाज़ार बंद हैं, और ग्रामीण उपखंड कार्यालय के बाहर इकट्ठा हैं। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए
हमीरगढ़ व्यापारिक संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द चोरों के बारे में सुराग लगाकर उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो कस्बे के बाजार नहीं खोलेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे। साथ ही नेशनल हाईवे जाम करके प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते है। अगर पुलिस कि कस्बे में नियमित गश्त जारी है तो फिर महिलाओं के भेष में आए चोरों ने पुजारी सहित आधा दर्जन लोगों के मंदिर में सोए होने के बावजूद मंदिर में चोरी कैसे कर ली। अब करीब एक सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली है। लोगों के प्रदर्शन के बाद हमीरगढ़ थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर गुस्साए लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि करीब 100 अनुभवी पुलिस कर्मियों की टीम जांच में जुटी है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे है।


