शिवाय बोला- किडनैपर ने थप्पड़ मारा तो मैंने लात मारी:चॉकलेट-बिस्किट दिया पर मैंने नहीं खाया; सुनसान जगह छोड़कर कहा था- आगे घर है

ग्वालियर में 13 फरवरी को मां की आंख में मिर्ची झोंक कर 6 साल के शिवाय के अपहरण के आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। बदमाशों की लास्ट लोकेशन और बच्चे की बरामदगी के बाद जांच का दायरा मुरैना पर केंद्रित हो गया है। पुलिस की 8 स्पेशल टीमें मुरैना के 11 गांवों की खाक छान रही हैं। हर टीम में 6-6 पुलिसकर्मी हैं, जो सीधे ग्वालियर एसपी को रिपोर्ट कर रहे हैं। पुलिस को कुछ बदमाशों के क्लू मिले हैं, लेकिन चार टीमों को शुक्रवार रात को खाली हाथ लौटना पड़ा। शनिवार सुबह फिर चार नई टीमें मुरैना के लिए रवाना की गई हैं। आज से इस मामले में एसआईटी भी जांच में लग गई है। इसी बीच दैनिक भास्कर ने बच्चे से बात की। उसने बताया कि बदमाशों ने मुझे खाने के लिए चॉकलेट-बिस्किट ऑफर किए, लेकिन मैंने खाने से इनकार कर दिया। घर जाने की जिद की तो एक ने चांटा मारा। गुस्से में मैंने भी उसे लात मार दी। फिर कोई कॉल आया और दोनों मुझे बाइक से बिठाकर ले गए। आगे सुनसान जगह छोड़ दिया। जाते समय बताया कि थोड़ा आगे घर है। वहीं, बच्चे की मां का कहना है कि जिस तरह से वे मेरे बेटे को ले गए थे, उसके सकुशल लौटने की उम्मीद नहीं थी। पढ़िए यह रिपोर्ट… पुलिस बच्चे के बयान लेने घर पहुंची
शुक्रवार (14 फरवरी) शाम करीब 8:15 बजे मुरार थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय थाने के बल के साथ बच्चे शिवाय के घर पहुंचे थे। बंद कमरे में मां और बेटे के बयान लिए गए। बच्चे से पूछा गया कि अपहरण करने के बाद बदमाशों ने उसे कहां रखा था। उसके साथ क्या-क्या किया था। इसके अलावा पुलिस पूछताछ कर रही है कि रास्ते में उसने कोई मंदिर, कोई प्रसिद्ध जगह तो नहीं देखी या कोई आवाज तो नहीं सुनी। बच्चे को लेकर माता-पिता पहुंचे बाल न्यायालय
पुलिस को बयान दर्ज कराने से पहले बच्चे को उसके माता-पिता बाल न्यायालय ले गए थे। यहां बच्चे और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद माता-पिता घर लौट आए। बच्चे के पिता राहुल गुप्ता ने फोन पर बताया- कोर्ट के अंदर बेटा-पत्नी और मजिस्ट्रेट ही मौजूद थे। जब कोर्ट में पत्नी और बेटे के बयान दर्ज हो रहे थे, उस वक्त मैं कोर्ट के बाहर खड़ा था। शिवाय बोला- कुछ दूर जाकर बात कर रहे थे शिवाय ने दैनिक भास्कर को बताया कि दो बदमाश उसे लेकर गए थे। उनका एक साथी उस मकान में था, जहां उसे रखा गया था और वह अंकल किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। तीनों बदमाश उसे बांधने के बाद उससे कुछ दूर जाकर बात कर रहे थे, जो सुनाई नहीं दे रही थी। जब भी वह उसके पास आते थे उसे डराते थे, जिससे उसकी आवाज भी नहीं निकल पा रही थी। दोनों अंकल के साथ तीसरे अंकल भी चेहरा नकाब में छिपाए हुए थे। उन तीनों के अलावा मकान के अंदर और कोई भी नहीं था। चॉकलेट-बिस्किट ​​​​​​दिए, चांटा मारा और धक्का दिया
शिवाय ने कहा- बदमाशों ने मुझे खाने के लिए चॉकलेट और बिस्किट ऑफर किए लेकिन मैंने खाने से इनकार कर दिया। घर जाने की जिद की तो एक ने चांटा मार दिया। गुस्से में मैंने भी उसे लात मार दी। फिर उसने मुझे धक्का दे दिया। जिससे चोट आई। इसके बाद मैं डर गया और चुपचाप बैठ गया। फिर कोई कॉल आया और दोनों मुझे बाइक से बिठाकर ले गए। आगे सुनसान जगह छोड़ दिया। जाते समय अंकल ने बताया कि थोड़ा आगे घर है। इसके बाद वह काफी आगे पहुंचा तो घर दिखाई दिया। रात में अकेले डर लग रहा था। मां बोली- नहीं थी सकुशल वापस आने की उम्मीद
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से लौटने के बाद शिवाय को एक पल के लिए भी उसे मां आरती अकेला नहीं छोड़ रही है। आरती का कहना है कि जिस तरह बदमाश उसके कलेजे के टुकड़े को लेकर गए थे, उसे उसके सकुशल आने की उम्मीद नहीं थी। दहशत के कारण ना तो शिवाय सोया और ना ही घर में किसी को नींद आई। घटना के कुछ घंटे बाद शिवाय अपने पुराने स्वभाव में लौट आया है और घर में अन्य बच्चों के साथ खेलकूद कर रहा है, साथ ही उसने खाना-पीना भी शुरू कर दिया है। यह देखकर परिवार ने राहत की सांस ली है।मां ने कहा कि शिवाय का कहना है कि वह जल्दी स्कूल जाना फिर से शुरू कर देगा। लेकिन अभी वह उन दहशत के उन कुछ घंटों को याद कर सहम जाता है। पिता बोले- पुलिस ने किया अपना वादा पूरा
शिवाय के सुरक्षित मिल जाने के बाद पिता राहुल गुप्ता और दादा दिलीप गुप्ता ने कहा कि जिन बदमाशों ने शिवाय को अगवा किया था उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अपहरण होने के बाद पुलिस अफसर उनके पास आए और दिलासा देकर गए थे कि वह शिवाय को वापस लाने के लिए जो संभव होगा वह करेंगे और उनके शिवाय को लाकर ही दम लेंगे। उन्होंने अपना वादा पूरा किया है। पुलिस अफसर अपने वादे पर खरे उतरे हैं। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… ग्वालियर से किडनैप बच्चा 14 घंटे बाद मिला ग्वालियर से गुरुवार सुबह करीब 8 बजे किडनैप हुआ शक्कर कारोबारी का 6 साल का बेटा शिवाय 14 घंटे बाद रात करीब 10 बजे मिला। बदमाश उसे मुरैना में बंशीपुर के कांजी बसई गांव में ईंट भट्‌टे के पास छोड़कर भाग गए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *