झालावाड़ के रायपुर पुलिस थाना क्षेत्र में कुओं से सिंचाई मोटर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी बन्नालाल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कालीतलाई निवासी लालचंद भील (25) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन सिंचाई मोटरें और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस टीम में हेड कॉन्स्टेबल जावेद, राहुल और हनुमान शामिल थे। थानाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में पहले हुई चोरियों के संबंध में भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इलाके में लगातार हो रही सिंचाई मोटरों की चोरी से किसान परेशान थे और स्थानीय पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों को राहत मिली है।


