70 साल पुराना स्कूल भवन खस्ताहाल खंडहर में पढ़ने को मजबूर हैं विद्यार्थी

भास्कर न्यूज | जांजगीर जांजगीर-चांपा जिले के कुटरा की राम सरकार शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का लगभग 70 वर्ष पुराना भवन बदहाल हालत में है। इसके कारण बच्चे खंडहरनुमा ढांचे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। वर्ष 1954 में मालगुजार रहे स्व. मालिकराम पाण्डेय ने निजी व्यय और जनसहयोग से विद्यालय भवन का निर्माण कराया था। समय के साथ भवन की स्थिति लगातार खराब होती गई और अब हालात यह हैं कि दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। प्लास्टर झड़ रहा है तथा छत कमजोर हो चुकी है। किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। पालकों और ग्रामीणों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों के आग्रह पर ग्राम पंचायत कुटरा के संरक्षक राघवेन्द्र पाण्डेय ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जर्जर भवन को शीघ्र डिस्मेंटल कर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि भवन अपनी आयु पूरी कर चुका है और अब उपयोग के योग्य नहीं रहा। सड़क निर्माण कार्य के दौरान विद्यालय का एक कमरा भी तोड़ा जा चुका है। संबंधित विभाग द्वारा डिस्मेंटल की प्रक्रिया प्रस्तावित होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई लंबित है, जिससे खतरा बना हुआ है। फिलहाल विद्यालय का संचालन अतिरिक्त कक्षों में किया जा रहा है, लेकिन वहां भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बच्चे भय के साये में पढ़ाई करने को विवश हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *