भास्कर न्यूज| रायगड़ा स्मार्ट टेक, सुरक्षित चयन – कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग विषय पर रायगड़ा जिले में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रायगड़ा स्वायत्त महाविद्यालय व सरकारी आईटीआई, रायगड़ा में आयोजित किया गया। महाविद्यालय में प्राचार्य की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया। सरकारी आईटीआई, रायगड़ा में नवीन चंद्र नायक, ओएएस (एसएजी), अतिरिक्त जिला कलेक्टर, रायगड़ा की उपस्थिति में एक अन्य जागरूकता सत्र हुआ। इंटरनेट के लाभ व हानि, संभावित साइबर हमले और जोखिम, सामान्य ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी से बचाव, मोबाइल ऐप सुरक्षा सहित अन्य पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में कुल 213 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। गुण शेखर नेथेटी ने साइबर स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया तथा सभी को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने परिवार, मित्रों व समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने की अपील भी की।


