नगर पालिका निर्वाचन के तहत फुसरो नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत एसएसटी चेक पोस्ट हिंदुस्तान पुल का बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों से आवागमन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की जानकारी ली तथा वाहन पंजी की जांच की। डीसी ने चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश देते हुए छोटे-बड़े सभी वाहनों की अनिवार्य रूप से जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार, अंचलाधिकारी बेरमो सह निर्वाची पदाधिकारी संजीत कुमार, अंचलाधिकारी जरीडीह सह निर्वाची पदाधिकारी ऋतुराज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। डीईओ सह डीसी ने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते डीसी व अन्य।


