बोकारो | डीएवी सेक्टर-4 की शिक्षिका भारती गुप्ता ने योनेक्स सनराइज झारखंड स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप कम सेलेक्शन ट्रायल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल 45 प्लस वर्ग का खिताब जीता है। यह खिताब जीतने वाली जिले की वह पहली महिला है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 से 8 फरवरी तक गुमला में आयोजित की गई, जिसका आयोजन झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया से संबद्ध था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारती गुप्ता ने फाइनल मुकाबले में रांची की सात बार की स्टेंट चैंपियन उमा रानी पालित को हराया। भारती ने 15-11, 11-15 व 15-13 के स्कोर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारती अब आगामी माह गोवा में आयोजित होने वाली नेशनल्स मास्टर्स टूर्नामेंट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।


