सिटी रिपोर्टर | बोकारो जिले में संचालित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने बेरमो स्थित रामरतन उच्च विद्यालय ढोरी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने परीक्षा कक्षों, वीक्षण व्यवस्था, सीसीटीवी, तैनात दंडाधिकारियों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीसी ने केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को अनुशासित एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने भी बोकारो के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीएमपी-4 चास व प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय चास का निरीक्षण किया। परीक्षा में इंटरमिडिएट के आई कॉम और आर्ट्स की परीक्षा हुई। इसमें 2761 में से 2696 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं कुल 25 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। मैट्रिक में मैथ की परीक्षा हुई। इसमें 22806 में से 22703 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 103 अनुपस्थित रहे।


