भास्कर न्यूज | अमृतसर सीआईए स्टाफ ने 3 ग्लॉक सहित 5 पिस्तौल बरामद कर 2 तस्करों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान रोहित अरोड़ा (25) निवासी गिलवाली गेट और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (24) निवासी गांव मीरांकोट कलां के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना गेट हकीमां में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। यह हथियार टारगेट किलिंग में इस्तेमाल होने थे। दोनों आरोपियों पर पहले से 6 केस दर्ज हैं। रोहित 4 तो हरप्रीत 2 माह पहले जमानत पर बाहर आया था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाक आधारित तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना पर गैंगस्टर सोनू कंगला के करीबी रोहित को काबू किया गया। उससे एक ग्लॉक सहित 3 पिस्तौल बरामद हुए। पूछताछ के बाद हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को भी 2 ग्लॉक पिस्तौल समेत काबू किया गया। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। दोनों आरोपियों को एक पिस्तौल सप्लाई करने 50 से 60 हजार रुपए सप्लाई करने के मिलते थे। जितने भी ग्लॉक पिस्तौल बरामद होते हैं, उस पर मेड इन ऑस्ट्रिया लिखा होता है, मगर वह वहां से नहीं आती। पाकिस्तान के दर्रा आदम खेल में सरेआम हथियार बनाए जाते हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी है। ग्लॉक की कॉपी वहीं तैयार किए जाते हैं जिसे 3 से 4 लाख रुपए में सप्लाई किया जाता है। यह भारत में बैन है। आम लाइसेंसी धारक इसे नहीं खरीद सकता है, जबकि फौजियों और मुलाजिमों के पास होती है। ग्लॉक इसीलिए पहली पसंद बन चुकी है, क्योंकि यह ज्यादातर कठोर परिस्थितियों में भी सही ढंग से काम करती है। धूल, मिट्टी, बारिश या गंदगी में भी इसका आसान इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके कम हिस्से होने के कारण टूटने की संभावना कम रहती है। अक्सर सामान्य पिस्तौल की तुलना में इसकी गोली क्षमता ज्यादा होती है। फायरिंग करने के समय गोलियां फंसती नहीं है। आरोपियों में रोहित केटरिंग और हरप्रीत वेल्डर का काम करता हैं। जेल में बंद गैंगस्टर सोनू कंगला के इशारों पर हथियार सप्लाई कर रहे थे। आरोपी रोहित 223 ग्राम हेरोइन और 55 हजार ड्रग मनी बरामद मामले में जेल में बंद था जो अक्टूबर 2025 में जमानत पर बाहर आया। इसके अलावा हरप्रीत सिंह ग्लॉक पिस्तौल बरामदगी मामले में जेल में बंद था जो दिसंबर 2025 में जामनत पर बाहर आया। दोनों ने आपस में मिलकर हथियार तस्करी का काम फिर से शुरू कर दिया।


