पंजाब के मानसा में बुधवार की देर शाम एक बस ने अचानक ब्रेक लगा दिया और पीछे से आ रही बाइक बस के नीचे जा घुसी, जिससे दो की मौत हो गई और 2 लोगों की हालत गंभीर है। हादसा बठिंडा-मानसा स्टेट हाईवे पर भैणी बाघा गांव के पास हुआ। हादसे में बाइक पर सवार दूध विक्रेता संदीप सिंह और उनके बेटे एकम की मौके पर ही मौत हो गई। संदीप की पत्नी निर्मल कौर और बेटी सुखमन कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को पहले मानसा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बठिंडा के अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय निवासी निरमल सिंह ने बताया कि मृतक संदीप सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में जा रहे थे। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। इस दुर्घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बस ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


