चुटिया थाना क्षेत्र की साउथ रेलवे कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास धर्मेंद्र कुमार को एसयूवी से कुचल कर मार डालने वाला आरोपी उसी का दोस्त निकला। धर्मेंद्र को अपनी गाड़ी से कुचलने के बाद भाग रहे आरोपी को हजारीबाग के बरही से गिरफ्तार कर गुरुवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपी दोस्त का नाम अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32 साल) है और वह चुटिया थाना क्षेत्र स्थित अमरावती कॉलोनी में रहता है। दारोगा पद से रिटायर्ड धर्मेंद्र के पिता रामाश्रय शर्मा ने चुटिया थाने में हत्या का आरोप लगाते हुए अतुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें कहा है कि वह अपने परिवार के साथ पहले कृष्णापुरी में ही रहते थे। मुनचुन सिंह और अतुल समेत अन्य लोगों से उनकी जान- पहचान थी। मुनचुन के घर का गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। उन्हें भी इसका निमंत्रण मिला था। बेटा धर्मेंद्र भी गृह प्रवेश में शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान धर्मेंद्र और अतुल के बीच विवाद हो गया। आरोपी अतुल ने साजिश के तहत जान-बूझकर मेरे बेटे के शरीर पर गाड़ी चढ़ा दी। बेरहमी से धर्मेंद्र की हत्या कर दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 (1)/ 103 (1)/ 61 (2) के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पैसे की लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था : सिटी एसपी सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि धर्मेंद्र और अतुल के बीच काफी पुरानी दोस्ती थी। कुछ महीनों पहले ही धर्मेंद्र खुद का घर बनाकर हटिया स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था। दोनों एक साथ जमीन का कारोबार करते थे। कुछ दिनों से पैसे की लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। अमरावती कॉलोनी में बुधवार की रात लगभग 10.15 बजे एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए दोनों पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कहा-सुनी हुई। जिसके बाद अतुल ने धर्मेंद्र पर गाड़ी चढ़ा दी और फरार हो गया। इस दौरान सड़क पर 6 अन्य लोगों को भी धक्का मारा, वे भी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने एसयूवी भी जब्त कर ली है। 4 महीने पहले खरीदी थी एसयूवी, टेंपरेरी नंबर पर चला रहा था पुलिस जांच में जानकारी मिली है कि आरोपी अतुल 4 महीने पहले ही अपने नाम पर एसयूवी खरीदी थी। वह अबतक टेंपरेरी नंबर टी-1025 जेएच 6921 सी पर ही शहर में गाड़ी चला रहा था। एसयूवी चढ़ाकर धर्मेंद्र की हत्या करने के बाद भाग रहे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पता चला कि गाड़ी में नंबर प्लेट ही नहीं है। आई विटनेस द्वारा एसयूवी का रंग बताने के बाद पकड़ा गया। एफएसएल ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा आरोपी के खिलाफ पुलिस हर जगह से साक्ष्य जुटा रही है। कोर्ट से आरोपी को सजा दिलाने में परेशानी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। एफएसएल की टीम ने घटना स्थल के अलावा जब्त एसयूवी से सैंपल कलेक्ट किया और जांच के लिए लैब भेजा। लैब से मिली रिपोर्ट को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आरोपी को सजा दिलाई जा सके। टीटी की हालत गंभीर, मां-बेटा हॉस्पिटल में भर्ती एसयूवी के धक्के से घायल महिला टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50) की हालत गंभीर है। उनके सिर में काफी चोट लगी है। अन्नपूर्णा अपने बेटे कुणाल (26) के साथ बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान अनियंत्रित एसयूवी से स्कूटी सवार मां-बेटे को भी धक्का मारा गया था। घायल मां-बेटे का फिलहाल राज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इन दोनों के अलावा एसयूवी के धक्के से घायल संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव की स्थिति सामान्य है। आरोपी पहले 8 बार जा चुका है जेल गिरफ्तार अतुल चड्डा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से चुटिया थाना में 9 केस दर्ज हैं। वर्ष 2012 में ही पहली बार अतुल अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद हत्या, रंगदारी, अपहरण आैर मारपीट के अलावा आर्म्स एक्ट में उसके खिलाफ चुटिया थाना में 8 प्राथमिकियां दर्ज हैं। पुलिस इससे पहले अतुल को 8 बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अतुल का पिता मनोज चड्डा भी दुर्दांत अपराधी था। 4 दिन पहले ही बना लिया था हत्या का प्लान, धर्मेंद्र के घर भी गया था पुलिस जांच में यह जानकारी मिली है कि आरोपी अतुल ने कुछ दिनों पहले ही धर्मेंद्र को देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत भी बंद हो गई थी। हालांकि 4 दिन पहले अचानक आरोपी अतुल अपने कुछ दोस्तों के साथ धर्मेंद्र को ढूंढते हुए हटिया स्थित उसके घर पहुंच गया। अतुल उसी दिन हत्या करने का प्लान बना चुका था, लेकिन अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। धर्मेंद्र को जरा भी एहसास नहीं था कि अतुल उसकी हत्या तक कर सकता है।


