कांटाबांजी| बलांगीर जिले के कांटाबांजी शहर में स्थित सरकारी सूचना केंद्र व पुस्तकालय की समस्या को लेकर कांटाबांजी पत्रकार संघ और प्रेस क्लब के सदस्यों ने विधायक लक्ष्मण बाग से मुलाकात की। इस संबंध में विधायक को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कांटाबांजी में पिछले लगभग 35–40 वर्षों से पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में एक सरकारी सूचना केंद्र व पुस्तकालय संचालित हो रहा है। पूर्व में यहां एक लाइब्रेरियन और एक चपरासी कार्यरत थे। लगभग 10 वर्ष पूर्व लाइब्रेरियन के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह केंद्र केवल एक चपरासी के भरोसे चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में कार्यरत चपरासी का अन्यत्र स्थानांतरण कर इस केंद्र को बंद करने की योजना जिला प्रशासन स्तर पर बनाई जा रही है। यदि यह केंद्र बंद हो जाता है, तो गरीब व जरूरतमंद छात्र-छात्राएं निशुल्क समाचार पत्र, पत्र-पत्रिकाएं और विभिन्न मैगजीन पढ़ने के अवसर से वंचित हो जाएंगे। लाइब्रेरियन के पद को शीघ्र भरने और कार्यरत चपरासी का स्थानांतरण न करने की मांग की गई। विधायक लक्ष्मण बाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बलांगीर के संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने जिला कलेक्टर व संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


