भास्कर न्यूज| महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह गुरूवार को अचानक बागबाहरा विकासखंड के पीएमश्री विद्यालयों के निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न केवल स्कूल की व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर एक शिक्षक की भूमिका में उन्हें जीवन और परीक्षा के महत्वपूर्ण पाठ भी सिखाए। कलेक्टर लंगेह ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहना और समय प्रबंधन सबसे जरूरी है। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र हल करने के टिप्स दिए और प्रेरणादायी कहानियों से उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पीएमश्री सेजेस बागबाहरा की नवनिर्मित बायोलॉजी, केमिस्ट्री और फिजिक्स लैब के साथ कंप्यूटर लैब व पुस्तकालय का सूक्ष्म अवलोकन किया। निर्माणाधीन भवनों का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए कि मार्च माह तक हर हाल में कार्य पूर्ण करें। प्राथमिक स्कूल के बच्चों के साथ समय बिताकर उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएमश्री स्कूलों को जिले में उत्कृष्ट शैक्षणिक मॉडल के रूप में विकसित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर डीएमसी रेखराज शर्मा सहित शिक्षा विभाग व आरईएस के अधिकारी मौजूद थे।


