भास्कर न्यूज | रायगड़ा रायगड़ा जिले के छह पैरा स्पोर्ट्स एथलीटों ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय पैरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में सफलता हासिल की है। बिकास महानंदिया ने लंबी कूद, ऊंची कूद में रजत पदक, बिकास मांझी ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक, बिपिन मांझी ने 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 100 मीटर दौड़ में रजत पदक और शॉट पुट में कांस्य पदक जीता। ओडिशा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन और जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रायगड़ा ने इन पांच दिव्यांग भाई-बहनों की सराहना की है, जिन्होंने ये पदक जीतकर रायगड़ा का नाम रोशन किया है। जशोदा खोसला और रेंगा पुआला ने शॉट पुट में रजत पदक जीता। इसके अलावा, रोहित नाइक और रहित नाइक का चयन अन्य खेलों में भी हुआ है और वे आगामी प्रतियोगिता के लिए अपना प्रशिक्षण जारी रखे हुए हैं। रायगड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता बादल कुमार ताह ने भुवनेश्वर में राज्य स्तरीय पैरा खेल प्रतियोगिता में भाग लेने गए सत्रह पैरा खिलाड़ियों के लिए ट्रेन टिकट, स्पोर्ट्स जर्सी और भोजन की व्यवस्था की। दिव्यांग मित्रा, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रायगड़ा के उपाध्यक्ष विजय कुमार मेलका और सदस्य रघुनाथ पात्रा ने रायगड़ा रेलवे स्टेशन से भुवनेश्वर तक की यात्रा में खिलाड़ियों की सहायता की। राज्य खेल विभाग के उप सचिव अमित कुमार नायक मुख्य अतिथि थे, रोटरी अध्यक्ष मनोज कुमार त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि थे। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलाकांत रथ, सचिव सुनील प्रधान और ओडिशा विकलांग मंच, रायगड़ा विकलांग मंच के सचिव तथा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, रायगड़ा जालंधर बाचेली सहित कई प्रमुख हस्तियां मंच पर उपस्थित थीं, जिन्होंने जिले का नाम रोशन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया।


