थुलथुली गांव में ट्रैक्टर से घर तक पहुंचाया पीडीएस खाद्यान्न, लोगों को मिली बड़ी राहत

भास्कर न्यूज | नारायणपुर ग्राम पंचायत थुलथुली के हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का खाद्यान्न विशेष व्यवस्था के तहत गुरुवार को उनके गांव में ही पहुंचाकर वितरित किया गया। ओरछा से ट्रैक्टर के माध्यम से खाद्यान्न परिवहन कर सीधे ग्राम थुलथुली में वितरण किया गया। जिला खाद्य अधिकारी अल्लाहउद्दीन खान ने जानकारी दी कि ग्राम थुलथुली में अंत्योदय के 343, निराश्रित के 01 और एपीएल के 01 राशनकार्डधारी हितग्राही शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में ग्रामवासियों को राशन प्राप्त करने के लिए लगभग 25 किलोमीटर पैदल चलकर ओरछा जाना पड़ता था, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन की इस पहल से अब ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें अपने गांव में ही सुविधाजनक रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो सका। खाद्यान्न वितरण के दौरान ग्रामवासियों में उत्साह रहा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से समय, श्रम और धन तीनों की बचत हुई है। जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सहजता से पहुंच सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *