भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले के ढोढीडांड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को ‘प्रेरणा उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों से कक्षा 8वीं से 11वीं तक के 111 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को अपने विचारों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। यह आयोजन केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक विशेष पहल के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ नवोदय विद्यालय के प्राचार्य सोमनाथ मल्लिक एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने निबंध, कविता और चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 54 छात्र और 57 छात्राओं ने ‘विकसित भारत और समाज के प्रति मेरा योगदान’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। टीजीटी विज्ञान शिक्षिका प्रीति चौरसिया ने प्रतिभागियों को चयन प्रक्रिया और प्रेरणा कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। साक्षात्कार दल में प्राचार्य सोमनाथ मल्लिक, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार और कलीबा स्कूल के प्राचार्य शामिल रहे। अंतिम चरण में इनमें से दो श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर जशपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।


